![]() |
इंदौर 10 अगस्त : इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 103.55 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स और एक बिना नंबर की होंडा हॉरनेट मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10.30 लाख रुपये बताई गई है, जबकि कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 11.80 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को सुपर कॉरिडोर स्थित मेट्रो पिलर नंबर-210 के पास क्राइम ब्रांच की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन बाइक फिसलने से गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अयाज हुसैन (19), निवासी इंदौर के रूप में हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके साथी शाहनवाज (20), निवासी इंदौर को भी गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अयाज मजदूरी करता है और उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं, जबकि शाहनवाज चूड़ियां बनाने का काम करता है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर एमडी ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जब्त सामग्री
- 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स (अनुमानित कीमत ₹10.30 लाख)
- बिना नंबर की होंडा हॉरनेट 125 सीसी मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत ₹1.50 लाख)
कुल जब्त संपत्ति: लगभग ₹11.80 लाख।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें