इंदौर (द स्वामी टीवी) 19 अगस्त।
लंबे इंतजार के बाद चंद्रभागा पुल से हरसिद्धी पुल को जोड़ने वाली नई सड़क बुधवार को आम जनता के लिए खोल दी गई । लगभग 2
करोड़
रुपये की लागत से इंदौर विकास योजना-2021 के तहत निर्मित 24 मीटर
चौड़ी और 180 मीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट सड़क का लोकार्पण महापौर पुष्यमित्र
भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला तथा क्षेत्रीय पार्षद रूपाली पेंढारकर की
उपस्थिति में किया गया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि कंबल वाली गली मार्ग पर वर्षों से अत्यधिक यातायात दबाव रहने के कारण नागरिकों को रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए इस वैकल्पिक मार्ग को विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के शुरू होने से पंढरीनाथ, हरसिद्धी, जीवन रेखा मार्ग और मोती तबेला क्षेत्र के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा गौतमपुरा और कंबल वाली गली पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
नगर निगम के अनुसार इस परियोजना के तहत सड़क के साथ मीडियन और सेंटर लाइट का निर्माण भी किया गया है। हालांकि यूटिलिटी लाइन बिछाने और फुटपाथ निर्माण का कार्य अभी प्रगति पर है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बावजूद नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सड़क को तत्काल यातायात के लिए खोल दिया गया है।
नगर निगम का मानना है कि इस नए मार्ग के चालू होने से शहर के मध्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी, यात्रा का समय कम होगा और लोगों को बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। यह सड़क शहर की कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ भविष्य में बढ़ते यातायात के दबाव को संभालने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पूरी खबर का विडिओ देखें


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें